नौहराधार तहसील की ग्राम पंचायत लाना चेता के घेवना गांव से रविवार शाम लापता हुई 5 वर्षीय मासूम आर्या का 40 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्ची की तलाश में पुलिस और ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अब पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों की मदद से घने जंगलों, गहरी खाइयों और खड्डों को खंगाला जा रहा है। चंद घंटों में एनडीआरएफ की टीम भी पहुंचने वाली है। अब शाम तक उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक लापता नन्हीं बच्ची मिल सकती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विपिन कुमार की 5 वर्षीय पुत्री आर्या रविवार शाम करीब 4 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक वहां से लापता हो गई। परिजनों ने रातभर अपने स्तर पर बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह पुलिस ने भी अभियान शुरू कर दिया, लेकिन अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया है। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है व तहसीलदार नौहराधार तथा अन्य पुलिस कर्मी भी पहुंच गए हैं।