
सुजानपुर। हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में गुरुवार सुबह उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब आलमपुर-ब्यास पुल के पास पालमपुर की ओर जा रही एक चलती बस के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और ल्हासा आ गिरा। अचानक हुए इस हादसे से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।
मलबा गिरने से बस को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में बस सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
चलती बस के ऊपर आ गिरा पहाड़ी मलबा
जानकारी के अनुसार, वालिया बस गुरुवार सुबह पालमपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आलमपुर-ब्यास पुल के समीप अचानक पहाड़ी से ल्हासा गिरकर सीधे बस की चपेट में आ गया।
अचानक मलबा गिरने से बस को नुकसान पहुंचा और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि मलबा गिरने के बावजूद किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
बिना बारिश के भी गिर रहे ल्हासे
इस घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सबसे चिंता की बात यह है कि बिना बारिश के भी इस मार्ग पर पहाड़ी से लगातार ल्हासे गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
पहाड़ी मलबा अचानक सड़क पर गिरने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों की जान पर खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से इस संवेदनशील हिस्से का जल्द निरीक्षण करवाने की मांग की है।
प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पहाड़ी की स्थिति का जायजा लेकर जरूरी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण करवाने के साथ-साथ सड़क किनारे संवेदनशील पहाड़ी हिस्सों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन चलती बस पर अचानक पहाड़ी मलबा गिरने की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।



