शिमला। सोलन जिला के डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग और मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। स्कूल में रैगिंग करने वाले पंजाब के पांच स्टूडेंट्स को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपियों से अब पूछताछ की जाएगी। प्रधानाचार्य तेजेंद्रजीत सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद सख्त निर्णय लिया जाएगा। पीडि़त और आरोपी नाबालिग छात्र पंजाब के रहने वाले हैं। ्रआरोप है कि पांच सीनियर छात्रों ने होस्टल के कमरे से नौवीं कक्षा के एक छात्र को जबरन घसीटकर बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांचों छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी 11वीं और 12वीं के छात्र हैं। रैगिंग की यह घटना पांच सितंबर की है। अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ आरोपी छात्र अपने पास हथियार भी रखते हैं, इससे जूनियर छात्रों में भय और मानसिक तनाव का माहौल है।